दिल्ली में चुनावी हार के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। बैठक के बाद पार्टी ने वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज को दिल्ली इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, गोपाल राय और पंकज गुप्ता को क्रमशः गुजरात और गोवा का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि पंजाब प्रदेश अध्यक्ष राघव चड्ढा को फिलहाल कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। पीएसी की बैठक के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हम पार्टी को और मजबूत करेंगे। मेरा मानना है कि हार के बाद संगठन को खड़ा करना आसान होता है, क्योंकि जीत के समय तो कई लोग साथ आ जाते हैं, लेकिन जो हार के समय भी साथ खड़ा रहता है, वही असली हीरा होता है। हमारी पहली प्राथमिकता संगठन का विस्तार करना होगी। चुनाव आते-जाते रहेंगे।”
पंजाब के प्रभारी बनाए गए मनीष सिसोदिया ने कहा कि राज्य में आप सरकार बनने के बाद तेज़ी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा, “हम पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर रहे हैं और सरकार जनकल्याण के कार्यों को जारी रखेगी। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को गर्व महसूस हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। पंजाब के लोग मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का बहुत सम्मान करते हैं।” सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में मनीष सिसोदिया और वरिष्ठ नेता सतेंद्र जैन पंजाब में अधिक सक्रिय रहेंगे। उनका मुख्य ध्यान स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर होगा ताकि ‘पंजाब मॉडल’ को और सशक्त किया जा सके।
दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय को गुजरात की जिम्मेदारी
दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा, “गुजरात प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद मेरा मुख्य फोकस संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। आम आदमी पार्टी अब उन राज्यों पर विशेष ध्यान देगी, जहां जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। पार्टी हर चुनाव को पूरी ताकत से लड़ेगी।” दिल्ली चुनाव में हार के बाद अरविंद केजरीवाल का फोकस गुजरात पर भी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने पहली बार गुजरात में चुनाव लड़ा था और पांच सीटें जीतने के साथ लगभग 14% वोट हासिल किए थे। इसी कारण इस बार संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी गोपाल राय को दी गई है। वहीं, गोवा में भी पार्टी के दो विधायक हैं, इसलिए वहां भी संगठन को मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। आम आदमी पार्टी के सांसद संदीप पाठक ने बताया कि बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। गोपाल राय को गुजरात, पंकज गुप्ता को गोवा, मनीष सिसोदिया को पंजाब और खुद उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, सौरभ भारद्वाज को दिल्ली इकाई और मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया है।





