1 सितंबर यानी कल से आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड, एलपीजी सिलेंडर और एफडी से जुड़े कुल 7 नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जो आपकी जेब पर सीधा असर डाल सकते हैं। हर महीने की तरह ही सितंबर में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव होंगे, जो आपकी वित्तीय स्थिति को प्रभावित कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड, एलपीजी सिलेंडर और एफडी के नियम शामिल हैं। ये बदलाव आपके मासिक खर्च को प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा, सरकार केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का भी ऐलान कर सकती है।
- एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव: हर महीने एलपीजी सिलेंडर के दामों में बदलाव देखने को मिलता है। कमर्शियल गैस सिलेंडर से लेकर घरेलू रसोई गैस तक के दामों में परिवर्तन होता रहता है। तेल कंपनियां कभी दाम बढ़ाती हैं तो कभी घटाती हैं। इस बार भी एलपीजी के दामों में बदलाव होने की संभावना है। पिछले महीने कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर के दाम 8.50 रुपये बढ़े थे, जबकि जुलाई में इसमें 30 रुपये की कमी आई थी।
- फर्जी कॉल से जुड़े नियम: कल से फर्जी कॉल और मैसेज पर नियंत्रण लगाया जा सकता है, क्योंकि ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों को इस पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों जैसे जियो, एयरटेल, वोडाफोन, आइडिया, बीएसएनएल से कहा है कि 30 सितंबर तक 140 मोबाइल नंबर सीरीज से शुरू होने वाली टेलीमार्केटिंग कॉल और कमर्शियल मैसेजिंग को ब्लॉकचेन बेस्ड DLT (डिस्ट्रीब्यूटेड लेजर टेक्नोलॉजी) प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर दिया जाए।
- हवाई ईंधन और सीएनजी-पीएनजी के दाम: एलपीजी सिलेंडर के साथ ही हर महीने ऑयल मार्केट कंपनियों द्वारा हवाई ईंधन (एयर टर्बाइन फ्यूल – ATF) और सीएनजी-पीएनजी के दामों में भी बदलाव किया जाता है।
- क्रेडिट कार्ड के नियम में बदलाव: एचडीएफसी बैंक ने यूटिलिटी ट्रांजेक्शन पर रिवॉर्ड प्वाइंट की सीमा तय कर दी है, जो 1 सितंबर से लागू होगी। इसके तहत ग्राहक इन ट्रांजेक्शन्स पर हर महीने अधिकतम 2,000 पॉइंट्स तक ही कमा सकते हैं। थर्ड पार्टी ऐप्स से एजुकेशनल पेमेंट करने पर एचडीएफसी बैंक कोई रिवॉर्ड नहीं देगा। सितंबर 2024 से IDFC बैंक क्रेडिट कार्ड पर न्यूनतम देय राशि को कम करेगा और पेमेंट की तारीख 18 से घटाकर 15 दिन कर देगा। 1 सितंबर 2024 से UPI और अन्य प्लेटफार्म्स पर रुपे क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने वाले ग्राहकों को अन्य पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर के क्रेडिट कार्ड की तरह ही रिवॉर्ड पॉइंट मिलेंगे।
- महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी: सितंबर में केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान कर सकती है। संभावना है कि सरकार 3% महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करेगी। अभी सरकारी कर्मचारियों को 50% महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, और 3% बढ़ोतरी के बाद यह 53% हो जाएगा।
- फ्री आधार अपडेट: फ्री में आधार कार्ड अपडेट करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर तय की गई है। इसके बाद आप कुछ अपडेट्स फ्री में नहीं कर पाएंगे और शुल्क देना होगा। पहले यह तिथि 14 जून 2024 थी, जिसे बढ़ाकर 14 सितंबर 2024 किया गया।
- स्पेशल FD में निवेश के नियम: IDBI बैंक ने 300, 375, और 444 दिन की विशेष FD की डेडलाइन 30 जून से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। इंडियन बैंक ने भी 300 दिन की विशेष FD की डेडलाइन 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। वहीं, पंजाब एंड सिंध बैंक की विशेष FD की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। SBI की अमृत कलश विशेष FD स्कीम की डेडलाइन भी 30 सितंबर तक है। यानी सितंबर के बाद इन FD स्कीम में निवेश नहीं हो सकेगा।





