जयपुर• राजस्थान सरकार इस बार 30 मार्च को राजस्थान दिवस मनाएगी। इस अवसर पर सरकार ने 7 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम तय किए हैं। 25 मार्च से 31 मार्च तक विभिन्न जिलों में आयोजन होंगे, जिनमें सरकार कई नीतियां जारी करेगी और नई घोषणाएं करेगी।

29 मार्च को होगा किसान सम्मेलन
इन सात दिनों के दौरान होने वाली घोषणाओं का मुख्य फोकस किसान, महिला, गरीब व वंचित वर्ग, युवा और निवेश पर रहेगा। प्रत्येक जिले में अलग-अलग वर्ग से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, 25 मार्च को महिला सम्मेलन होगा, 26 मार्च को गरीब एवं अंत्योदय से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 27 मार्च को सुशासन समारोह, 28 मार्च को युवा एवं रोजगार उत्सव, और 29 मार्च को किसान सम्मेलन होगा।
31 मार्च को होगा निवेश उत्सव
30 मार्च को राजस्थान दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 31 मार्च को निवेश उत्सव मनाया जाएगा।






