अजमेर दरगाह स्थित दरगाह शरीफ में शिव मंदिर होने का दावा करने वाले हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें दो कॉल के जरिए मिली, जिनमें से एक कॉल कनाडा से और दूसरा भारत से आया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें धमकी देने वाला व्यक्ति कहता है, “मैं कनाडा से बोल रहा हूं। तुने अजमेर शरीफ पर याचिका दायर की है, ज्यादा मत उछल, गर्दन उड़ा दूंगा।” इस धमकी के बाद विष्णु गुप्ता ने दिल्ली के बाराखंबा थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। यह मामला अजमेर दरगाह संकट मोचन महादेव मंदिर से जुड़ा है, जिसमें विष्णु गुप्ता याचिकाकर्ता हैं। धमकी देने वाले ने कहा, “तेरा सर कलम कर दिया जाएगा। तूने अजमेर दरगाह का केस फाइल करके बहुत बड़ी गलती की है।” विष्णु गुप्ता ने इस घटना पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा, “हम ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हम कानून के दायरे में रहकर काम कर रहे हैं, और कोर्ट जाना हमारा अधिकार है। हम अपने मंदिरों को वापस लाकर रहेंगे। अजमेर दरगाह संकट मोचन महादेव मंदिर था, है और रहेगा।” हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस संबंध में दिल्ली के बाराखंबा थाने में शिकायत दर्ज कर दी गई है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को अजमेर सिविल न्यायालय (पश्चिम) में विष्णु गुप्ता द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई हुई। इसमें अदालत ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है, जिनमें अल्पसंख्यक मंत्रालय, दरगाह कमेटी अजमेर, और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग शामिल हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 20 दिसंबर को होगी।
अजमेर: हिन्दू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिली ‘सिर तन से जुदा’ करने की धमकी





