सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के लिए 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये में मिलेगा। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को यही सिलेंडर अब 503 रुपये की जगह 553 रुपये में उपलब्ध होगा।
महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक और झटका लगा है, क्योंकि घरेलू गैस और उज्ज्वला योजना के सिलेंडरों दोनों की कीमत में 50 रुपये का इजाफा किया गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह नई कीमतें आज रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी।
पुरी ने कहा, “एलपीजी सिलेंडर की कीमत में प्रति यूनिट 50 रुपये की वृद्धि होगी। उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर अब 500 रुपये से बढ़कर 550 रुपये का होगा, जबकि अन्य उपभोक्ताओं के लिए यह 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये में मिलेगा।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में हालिया 2 रुपये की बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा। यह कदम तेल विपणन कंपनियों को 43,000 करोड़ रुपये का घाटा पूरा करने के लिए उठाया गया है।
पुरी ने यह भी कहा कि कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें घटकर 60 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई हैं, लेकिन भारत की तेल कंपनियां लगभग 45 दिन का स्टॉक रखती हैं। जनवरी में कच्चे तेल की कीमत 83 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब 75 डॉलर हो गई है। इसलिए भविष्य में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है।
घरेलू गैस सिलेंडर पर 50 रुपये की बढ़ोतरी, नई कीमतें आज आधी रात से लागू होंगी






