मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मैनिट) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। संस्थान में पढ़ने वाले करीब 120 छात्र अचानक बीमार पड़ गए। यह संख्या देखकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि ये कोई मामूली मामला नहीं था।
घटना के बाद मैनिट प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। किसी को उल्टियां हो रही थीं, तो कुछ छात्र बेहोशी की हालत में पाए गए। हालत इतनी खराब हो गई कि छात्र एक-दूसरे की मदद भी नहीं कर पा रहे थे। तुरंत ही मैनिट प्रशासन ने बीमार छात्रों को शारदा अस्पताल सहित आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती करवाया। फिलहाल कई छात्रों का इलाज अभी भी जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, सभी छात्र फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आए हैं। ये सभी छात्र मैनिट के हॉस्टल नंबर-4 में रहने वाले प्रथम वर्ष के विद्यार्थी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह नाश्ते में आलू का पराठा और दोपहर को आलू की सब्जी खाने के बाद ही छात्रों की तबियत बिगड़ी। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी छात्रों ने एक ही तरह का भोजन एक ही समय पर किया था, जिससे फूड प्वाइजनिंग की संभावना और भी प्रबल हो गई। चिकित्सकीय परीक्षण में भी इसकी पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि अब सभी छात्र खतरे से बाहर हैं। हालांकि, शुरुआत में कुछ की हालत गंभीर थी, लेकिन अब उनमें भी सुधार देखा गया है।
अब भी 25-30 छात्र अस्पताल में भर्ती
खबर लिखे जाने तक लगभग 25 से 30 छात्रों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है, जबकि 90 से अधिक छात्रों को उनकी स्थिति सामान्य होने पर एम्बुलेंस की मदद से वापस मैनिट हॉस्टल पहुंचा दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि आज शाम तक बाकी छात्रों को भी अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। वहीं, मैनिट प्रशासन ने फूड प्वाइजनिंग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






