शहर के एक निजी अस्पताल से हाथ में बोतल और यूरिन बैग की थैली लेकर मरीज आईसीयू से बाहर आ गया। उसने अस्पताल पर लूट का आरोप लगाया। उसकी पत्नी ने बताया कि डॉक्टरों ने कहा था कि उसका पति कोमा में है और इलाज के लिए और पैसे लगेंगे।
रतलाम में हुई इस घटना में दीनदयाल नगर निवासी बंटी निनामा, जो कि एक हादसे में घायल हुआ था, को उसके परिजन रविवार को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बंटी को कोमा में बताकर उनसे दो लाख रुपये तक वसूल लिए और उन्हें बेटे से मिलने भी नहीं दिया। लेकिन सोमवार को वही मरीज, जिसे कोमा में बताया गया था, अचानक अर्धनग्न हालत में अस्पताल से बाहर आ गया। उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना से कोई संबंध होने से इनकार किया है।
रतलाम के एक निजी अस्पताल के बाहर मरीज और उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मरीज ने सांस लेने वाली नली और कैथेटर लगा रखा था और उसने अस्पताल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। मरीज के साथ उसके परिजनों ने भी चिल्ला-चिल्लाकर अस्पताल की सच्चाई लोगों के सामने रखी। मरीज की पत्नी ने बताया कि उसका पति बंटी, जो कि रतलाम के मोतीनगर का निवासी है, मारपीट में घायल हो गया था। पहले उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, फिर इंदौर रेफर किया गया, लेकिन परिवारवालों ने रतलाम के एक निजी अस्पताल में ही इलाज कराने का फैसला लिया। इलाज के दौरान उन्होंने 40 हजार रुपये जमा कर दिए थे। तभी डॉक्टरों ने कहा कि मरीज कोमा में चला गया है और उसे बचाने के लिए और पैसे देने होंगे। मरीज की पत्नी ने कहा, “मैं दोपहर में 1 लाख रुपये लेकर अस्पताल गई थी। वहां मुझे बताया गया कि मेरे पति कोमा में हैं। जब मैं अचानक पैसे लेकर आईसीयू में गई, तो मेरे होश उड़ गए। मैंने देखा कि पांच लोगों ने मेरे पति को बांध रखा था और वह चिल्ला रहे थे कि मुझे मेरी पत्नी से मिलने दो। मैं अपने पति को बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मेरे पति ने भी दर्द में हाथ में पड़ा कैंची जैसा उपकरण उठाकर खुद को बचाने की कोशिश की। जैसे ही वे लोग डर के मारे वहां से भागे, मैं अपने पति को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई।” घायल मरीज की पत्नी का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने जानबूझकर कोमा का झूठा बहाना बनाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की। अगर वह समय पर आईसीयू में नहीं जाती, तो उसके पति की जान को खतरा हो सकता था।






