महू में हुई घटना ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। उज्जैन की दुष्कर्म की घटना के बाद, इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारी बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं।
इंदौर के पास महू में हुई गैंगरेप की घटना ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की है। दोनों का कहना है कि महिला सुरक्षा के मामले में भाजपा पूरी तरह से असफल रही है। न तो कानून व्यवस्था है और न ही जनता की कोई सुनवाई हो रही है।
आपको बता दें कि इंदौर के पर्यटक स्थल जामगेट पर देर रात आर्मी के अधिकारी अपनी महिला मित्रों के साथ घूमने गए थे। वहां, एक शूटिंग रेंज भी है, जहां वे सभी बैठकर बातें कर रहे थे। तभी कुछ बदमाश आए और सभी को बंधक बना लिया। उन्होंने सेना के अधिकारियों की बुरी तरह पिटाई की और एक अधिकारी व एक महिला को बंधक बना लिया, जबकि अन्य को 10 लाख रुपये लाने के लिए छोड़ दिया।
बचकर आए अधिकारी और महिला ने अपनी आर्मी यूनिट और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश बंधक बनाए हुए दोनों को छोड़कर फरार हो गए। जिस महिला को बंधक बनाया गया था, उसके साथ गैंगरेप की आशंका है। घायल सेना के अधिकारी और महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना मंगलवार देर रात 2.30 बजे हुई, जबकि महिलाओं को होश बुधवार शाम को आया। ग्रामीण एसपी हितिका वासल के अनुसार, आर्मी अधिकारियों के बयान के आधार पर लूट, मारपीट, फिरौती और सामूहिक दुष्कर्म की आशंका में केस दर्ज किया गया है।
महू के आर्मी जोन में गैंगरेप, राहुल बोले भाजपा राज में कानून खत्म






