सोशल मीडिया पर एक लड़की को बॉयज हॉस्टल में ले जाने का मैसेज वायरल हुआ था। हालांकि, जब वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना गर्ल्स हॉस्टल की थी।
हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में सूटकेस से एक छात्रा के निकलने का वीडियो वायरल होने के बाद, सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूटकेस में निकली छात्रा सहित छह छात्राओं को निलंबित कर दिया। शुरुआत में सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि एक लड़का अपनी गर्लफ्रेंड को सूटकेस में भरकर बॉयज हॉस्टल ले गया था। मगर जांच में साफ हुआ कि यह महज एक प्रैंक था और छात्राएं आपस में मज़ाक कर रही थीं। खुद सूटकेस से निकली छात्रा ने भी पुलिस को लिखित में बताया कि यह सिर्फ मज़ाक था।
वीडियो बहुत तेज़ी से वायरल हुआ
सोनीपत स्थित इस यूनिवर्सिटी में सूटकेस से लड़की के निकलने का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया था। कहा जा रहा था कि एक छात्र अपने प्रेम संबंध की वजह से लड़की को सूटकेस में भरकर हॉस्टल में ले गया। लेकिन जब वीडियो की सच्चाई सामने आई तो पता चला कि यह सब गर्ल्स हॉस्टल के अंदर ही हुआ और इसमें कोई लड़का शामिल नहीं था।
पहले ये कहा जा रहा था कि यूनिवर्सिटी का एक लड़का अपनी गर्लफ्रेंड को सूटकेस में बंद करके बॉयज हॉस्टल में ले जा रहा था। बताया गया कि जब सुरक्षाकर्मी को शक हुआ तो उसने सूटकेस की तलाशी ली और लड़की बाहर निकल आई, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें महिला सुरक्षा गार्ड्स को सूटकेस खोलते हुए देखा गया, और जब उन्होंने सूटकेस खोला तो उसमें कोई सामान नहीं बल्कि एक लड़की निकली।





