जयपुर। राजस्थान सरकार अल्प आय वर्ग के परिवारों को राहत देने के लिए एक नई पहल करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश की करीब 5,000 उचित मूल्य (राशन) दुकानों पर ‘अन्नपूर्णा भंडार’ स्थापित करने की योजना तैयार की गई है, जहां दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने एफएमसीजी कंपनियों के एग्रीगेटर्स और उत्पादकों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। इसी क्रम में 3 फरवरी को सुबह 11:30 बजे निगम मुख्यालय, जयपुर में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पादक एवं एग्रीगेटर्स भाग लेकर अपने सुझाव रखेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित कीमत पर उपलब्ध कराए जा सकें। निगम ने सभी एफएमसीजी एग्रीगेटर्स और उत्पादकों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होने की अपील की है। इस योजना के लागू होने से आमजन को एक ही स्थान पर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं सुलभ होंगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अधिक जानकारी के लिए निगम मुख्यालय के दूरभाष नंबर 0141-2744484 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजस्थान: 5,000 राशन दुकानों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भंडार; सस्ती दरों पर मिलेंगी रोजमर्रा की वस्तुएं





