पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के बाद लखनऊ के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी किया गया है और यात्रियों से अपील की गई है कि वे जांच में पूरा सहयोग करें। श्वान दल और बम निरोधक दस्तों की मदद से सतर्कता से जांच की जा रही है। वहीं, एयरलाइनों की ओर से भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
बताया गया है कि पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर फायरिंग की थी, जिसके चलते एहतियातन रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चारबाग, लखनऊ जंक्शन, उतरेटिया और गोमतीनगर जैसे स्टेशनों से जम्मू की ओर जाने वाली ट्रेनों की बुधवार को गहन जांच की गई। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी की टीमें श्वान और बम निरोधक दस्तों के साथ स्टेशन परिसर की गहन तलाशी में जुटी रहीं। यात्रियों के सामान की भी कड़ी जांच की गई।
यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना दें। इसी क्रम में चारबाग, आलमबाग, कैसरबाग और कमता बस अड्डों पर भी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की गई है।
अमौसी एयरपोर्ट पर बुधवार को आने-जाने वाले यात्रियों की विशेष रूप से जांच की गई। सीआईएसएफ के जवानों ने टीम बनाकर यात्रियों की गहन जांच की। बोर्डिंग के बाद जांच में काफी समय लगने के कारण एयरलाइनों ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे समय से पहले घर से निकलें और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें।
जारी की गई एडवाइजरी:
लखनऊ से श्रीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए एयरलाइनों जैसे इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बुधवार को विशेष एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया है कि यदि यात्री टिकट कैंसिल कराना चाहें तो उनसे कोई कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा, जिससे पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही एयरलाइनों की ओर से विशेष फ्लाइटें शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है।






