रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शामिल दोषियों को बहुत जल्द कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद की किसी भी कोशिश से डरने वाला देश नहीं है। यह बयान उस घटना के एक दिन बाद आया है जिसमें पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की जान गई।
राजनाथ सिंह ने मंच से देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “मैं देश की जनता को आश्वस्त करता हूं कि इस घटना को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार हर वह आवश्यक और उचित कदम उठाएगी जो इस प्रकार की घटनाओं को रोकने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए जरूरी हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हम न सिर्फ इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वालों की पहचान करेंगे, बल्कि उन साजिशकर्ताओं को भी बेनकाब करेंगे जो पर्दे के पीछे रहकर भारत की धरती पर आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।”
रक्षा मंत्री ने कहा, “भारत एक प्राचीन सभ्यता और विशाल राष्ट्र है, जिसे आतंकवादी गतिविधियों से डराया नहीं जा सकता। जो लोग ऐसी घटनाओं के पीछे हैं, उन्हें बहुत जल्द सख्त सजा मिलेगी।” उन्होंने इस हमले को अत्यंत अमानवीय करार दिया और कहा कि यह घटना पूरे देश के लिए गहरे शोक और पीड़ा का कारण बनी है। अंत में उन्होंने दोहराया, “भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है और देश का हर नागरिक इस कायरतापूर्ण हमले के खिलाफ एकजुट है।”
पहलगाम हमला: भारत डरेगा नहीं सकते, देगा करारा जवाब- रक्षा मंत्री






