फिल्म ‘केसरी वीर’ का नया मोशन पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें सूरज पंचोली एक दमदार योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में लिखा है, ‘हमीरजी गोहिल के रूप में सूरज पंचोली’। सूरज पंचोली के हाथ में त्रिशूल है, उनके शरीर पर लोहे की जंजीरें लिपटी हुई हैं और कहीं आग की लपटें हैं तो कहीं से खून बह रहा है। पोस्टर में सूरज पंचोली का जोशीला और जुझारू अंदाज साफ झलकता है।
फिल्म ‘केसरी वीर’ में सूरज पंचोली सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए योद्धा की भूमिका निभा रहे हैं। वह हमीरजी गोहिल का किरदार निभाते नजर आएंगे, जिन्होंने 14वीं शताब्दी में सोमनाथ मंदिर को आक्रमणकारियों से बचाने के लिए युद्ध लड़ा था। फिल्म में सूरज पंचोली के साथ सुनील शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इंस्टाग्राम पर मोशन पोस्टर साझा करते हुए सूरज पंचोली ने लिखा, ‘वीर हमीरजी गोहिल, रक्षक और गुमनाम योद्धा। सोमनाथ का रक्षक। हर-हर महादेव।’ साथ ही उन्होंने फिल्म की नई रिलीज डेट भी बताई है. ‘केसरी वीर’ 16 मई 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बताते चलें कि फिल्म का पहला मोशन पोस्टर पहले भी जारी किया जा चुका है और फरवरी में इसका टीज़र भी रिलीज हुआ था। पहले फिल्म 14 मार्च 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख बढ़ाकर 16 मई कर दी गई है।
‘केसरी वीर’ का निर्देशन प्रिंस थीमान ने किया है और फिल्म का निर्माण कानू चौहान ने किया है। फिल्म में सूरज पंचोली के साथ-साथ सुनील शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘केसरी वीर’ का नया पोस्टर रिलीज, योद्धा अवतार में दिखे सूरज पंचोली





