इमरान हाशमी की ‘ग्राउंड जीरो’ ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर कमजोर शुरुआत की, जबकि अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, सनी देओल की ‘जाट’ की कमाई लाखों में सिमटती नजर आ रही है।
ग्राउंड जीरो
इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। बीएसएफ कमांडेंट नरेंद्र नाथ धर दुबे की जिंदगी पर आधारित यह फिल्म आतंकवादी गाजी बाबा के खात्मे की कहानी दिखाती है। हालांकि, फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर महज 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर निराश कर दिया। 2001 के भारतीय संसद हमले के बाद के घटनाक्रम पर आधारित इस फिल्म में साई तम्हणकर, जोया हुसैन, मुकेश तिवारी, रॉकी रैना और गुनीत सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए।
केसरी -2
जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद की घटनाओं पर आधारित अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाई है। शुक्रवार को फिल्म ने 4.42 करोड़ रुपये की कमाई की और कुल 50.52 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। फिल्म ने अपनी ओपनिंग 7.75 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ की थी और पहले हफ्ते में 46.1 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म का कुल बजट लगभग 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
जाट
सनी देओल की ‘जाट’ को रिलीज हुए 16 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक यह 100 करोड़ क्लब में शामिल नहीं हो पाई है। फिल्म ने अब तक कुल 81.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। शुक्रवार को ‘जाट’ ने 85 लाख रुपये की कमाई की। फिल्म में सनी देओल के साथ रेजिना कसांड्रा, रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह, संयमी खेर, राम्या कृष्णन और जगपति बाबू जैसे कलाकार नजर आए हैं।






