हर महीने की पहली तारीख को कई महत्वपूर्ण नियमों में संशोधन होता है। आज, यानी 1 मई से भी कुछ ऐसे ही बदलाव लागू हो गए हैं, जो आम जनता की दिनचर्या और जेब दोनों पर असर डाल सकते हैं। इनमें एटीएम से नकदी निकासी के नए नियमों से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग, एफडी की ब्याज दरों और बैंक छुट्टियों तक कई अहम बदलाव शामिल हैं।
एटीएम ट्रांजैक्शन पर लगेगा ज्यादा शुल्क
अब मेट्रो शहरों में एक महीने में केवल 3 बार और गैर-मेट्रो शहरों में 5 बार ही मुफ्त में एटीएम से पैसा निकाला जा सकेगा। इसके बाद हर बार ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये तक शुल्क लगेगा। वहीं, एटीएम से बैलेंस चेक करने पर अब 7 रुपये देने होंगे, जो पहले 6 रुपये था।
रेलवे वेटिंग टिकट अब सिर्फ जनरल कोच में ही मान्य
रेलवे ने वेटिंग टिकट के नियमों में बदलाव किया है। अब यदि आपके पास वेटिंग टिकट है, तो आप स्लीपर कोच में यात्रा नहीं कर पाएंगे। ऐसा करने पर टीटी द्वारा सामान्य कोच में भेजा जा सकता है या जुर्माना लगाया जा सकता है।
आरआरबी की संख्या घटकर रह जाएगी 28
देशभर के क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) का विलय कर अब उनकी संख्या 43 से घटाकर 28 कर दी गई है। ‘एक राज्य, एक आरआरबी’ की नीति को 1 मई से लागू किया गया है।
एफडी की ब्याज दरों में कटौती
आरबीआई द्वारा रेपो रेट में 0.25% की कटौती के बाद बैंकों ने भी एफडी पर मिलने वाली ब्याज दरों में कमी शुरू कर दी है। अधिक ब्याज दर वाली एफडी स्कीमें अब 1 मई से बंद कर दी गई हैं।
मई में 12 दिन बैंक रहेंगे बंद
आरबीआई ने मई महीने के लिए बैंक छुट्टियों की सूची जारी की है। दूसरे और चौथे शनिवार तथा रविवार को नियमित अवकाश रहेगा, इसके अलावा बुद्ध पूर्णिमा और महाराणा प्रताप जयंती जैसे त्योहारों के कारण राज्यों में अलग-अलग दिन बैंक बंद रहेंगे। बैंक जाने से पहले छुट्टियों की जांच जरूर कर लें।
अमूल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी
अमूल ने अपने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। 1 मई से अमूल के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि लागू हो गई है। यह पूरे देश में प्रभावी होगी।




