पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत ने एक कड़ा कदम उठाया है। बुधवार को भारत सरकार ने ‘नोटम’ (नोटिस टू एयरमैन) जारी करते हुए 30 अप्रैल से 23 मई 2025 तक भारतीय हवाई क्षेत्र को सभी पाकिस्तानी यात्री और सैन्य विमानों के लिए बंद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, इस फैसले के तहत पाकिस्तानी एयरलाइनों को अब भारतीय एयरस्पेस के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने भी भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था।
क्या है नोटम?
नोटिस टू एयर मिशन (NOTAM) एक विशेष सूचना प्रणाली है, जिसके माध्यम से उड़ानों से जुड़ी जरूरी और संवेदनशील जानकारी सीधे पायलट व विमान चालक दल को भेजी जाती है। इस प्रणाली के जरिए मौसम, सैन्य अभ्यास, रॉकेट लॉन्च, पैराशूट जंप, वायु क्षेत्र में प्रतिबंध, ज्वालामुखी विस्फोट आदि से जुड़ी अहम जानकारी साझा की जाती है, ताकि उड़ान के दौरान कोई अनहोनी न हो। इसके अलावा, एयरपोर्ट की स्थिति जैसे बर्फबारी, रनवे पर पक्षी की मौजूदगी या लाइट्स में खराबी जैसी बातें भी पायलट को बताई जाती हैं।
प्रधानमंत्री की उच्चस्तरीय बैठक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर एक और अहम बैठक की, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी मौजूद थे। यह दो दिनों में पीएम आवास पर दूसरी उच्चस्तरीय बैठक रही। इससे पहले मंगलवार को पीएम मोदी ने डेढ़ घंटे लंबी बैठक कर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सेनाओं को खुली छूट दी थी।
इसी दिन केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन भी किया है, जिसमें पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।





