भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया और इंडिगो ने एक बड़ा कदम उठाया है। दोनों प्रमुख एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से 7 शहरों जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर, चंडीगढ़, जोधपुर और राजकोट से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया है। यह फैसला हाल के घटनाक्रमों, विशेष रूप से भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में किए गए हवाई हमलों और उसके जवाब में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिशों को देखते हुए लिया गया है। इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
रात में जम्मू-कश्मीर में ड्रोन गतिविधियों की खबरों के बाद एहतियातन यह निर्णय लिया गया। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 13 मई 2025 को इन 7 शहरों से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, इंडिगो ने भी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि क्षेत्र में हवाई क्षेत्र की स्थिति बदल रही है, जिससे इन शहरों से उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति अवश्य जांच लें।
एयरलाइंस ने यह भी कहा है कि रद्द की गई उड़ानों के यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के री-बुकिंग या पूरा रिफंड दिया जाएगा। साथ ही, सुरक्षा जांच की वजह से यात्रियों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त समय लेकर पहुंचने की सलाह दी गई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी सुरक्षा कारणों से उत्तर और पश्चिम भारत के कुछ हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। पहले जहां 10 मई तक 32 एयरपोर्ट्स बंद किए गए थे, अब यह अवधि 14 मई सुबह 5:29 बजे तक बढ़ा दी गई है।
इस बीच, पाकिस्तान ने भी भारत के हमलों के बाद अपने सभी हवाई अड्डों से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। इसका असर कराची, लाहौर और इस्लामाबाद जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर पड़ा है।
भारत-पाक तनाव के चलते एयर इंडिया तथा इंडिगो ने 7 शहरों की उड़ानें रद्द की





