हरियाणा की ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के साथ मिलकर देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ज्योति ‘ट्रैवल विद जो’ नामक यूट्यूब चैनल चलाती हैं। अब तक इस मामले में हरियाणा और पंजाब से जुड़े कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
2023 में पाकिस्तान की यात्रा
आरोप है कि ज्योति ने 2023 में पाकिस्तान हाई कमीशन से वीजा लेकर पाकिस्तान की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी हाई कमीशन के एक कर्मचारी दानिश से करीबी संबंध बनाए। यही नहीं, दानिश के माध्यम से उनकी मुलाकात पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अन्य एजेंटों अली अहसान और शाकिर से भी हुई।
पाक एजेंटों से संपर्क बनाए रखने का आरोप
भारतीय खुफिया एजेंसियों का दावा है कि भारत लौटने के बाद भी ज्योति ने पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क बनाए रखा और उनके साथ देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा करती रहीं।
निगरानी के बाद हुई गिरफ्तारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान से लौटने के बाद ज्योति की गतिविधियों पर खुफिया एजेंसियों ने नजर रखनी शुरू कर दी थी। उनकी ऑनलाइन गतिविधियों, विदेश यात्राओं और संपर्कों की विस्तृत जांच के बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद ज्योति से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 152 और ऑफिसियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 की धाराएं 3, 4 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है। अब यह मामला आर्थिक अपराध शाखा, हिसार को सौंपा गया है।
पहले भी पाक एजेंसी के जाल में फंस चुकी हैं महिलाएं
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय महिला को पाक खुफिया एजेंसी ने फंसाया हो। पंजाब की मलेरकोटला निवासी गजाला को भी एजेंसी ने अपने काम के लिए इस्तेमाल किया था, जिसमें उसे संदिग्ध सूत्रों को पैसे भेजने के लिए माध्यम बनाया गया था।
दानिश को भारत छोड़ने का आदेश
इसके साथ ही 13 मई को भारत सरकार ने पाकिस्तानी कर्मचारी दानिश को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित करते हुए देश छोड़ने का आदेश दिया था।





