रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया जब उड़ान के दौरान इंडिगो की एक फ्लाइट एक पक्षी से टकरा गई। यह फ्लाइट पटना से रांची आ रही थी और रनवे से करीब 10–12 नॉटिकल माइल दूर, 3,000–4,000 फीट की ऊंचाई पर यह घटना हुई। इसके बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान की आपातकालीन लैंडिंग करवाई।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर. मौर्य ने जानकारी दी कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या (AIRBUS A320) ने दोपहर 1:14 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान में करीब 175 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। हालांकि, विमान के बाहरी हिस्से में पक्षी से टकराने के कारण डेंट आ गया है।
तकनीकी जांच के चलते विमान फिलहाल ग्राउंडेड
आर.आर. मौर्य के मुताबिक, “तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है। सुरक्षा मापदंड पूरे होने तक विमान को उड़ान से रोका गया है।” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह विमान रांची से कोलकाता के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन अब अगली उड़ान को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इंडिगो की ओर से इस घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पहले भी हो चुकी हैं बर्ड स्ट्राइक की घटनाएं
यह पहला मौका नहीं है जब किसी विमान को पक्षी से टकराने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी हो। इस तरह की घटनाओं को ‘बर्ड स्ट्राइक’ कहा जाता है। यह एक सामान्य लेकिन गंभीर स्थिति होती है, जो विमान की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। आमतौर पर ये घटनाएं हवाई अड्डों के आसपास टेक-ऑफ या लैंडिंग के समय होती हैं।




