देश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैल रहा है। बीते 24 घंटों में सुबह 8 बजे तक कोरोना के 391 नए सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं 760 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इस दौरान जानलेवा वायरस के कारण चार और लोगों की मौत हुई है। राजधानी दिल्ली में एक पांच महीने के बच्चे की कोरोना से मौत हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 5755 हो गई है, जबकि अब तक 5484 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में चार और मौतों के बाद मृतकों की संख्या 59 हो गई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में सामने आए हैं। देश के नौ राज्यों में कोरोना मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है, जिनमें केरल, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल प्रमुख हैं। केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में एक-एक मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें, मास्क पहनें और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। स्थानीय प्रशासन को सभी स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण में हालिया वृद्धि का कारण नए वेरिएंट का फैलाव है, जिसमें एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और नया एनबी.1.8.1 सबवेरिएंट शामिल हैं।
राज्यों में सक्रिय मामलों की संख्या इस प्रकार है:
• केरल: 1806
• दिल्ली: 665
• गुजरात: 717
• पश्चिम बंगाल: 622
• महाराष्ट्र: 577
• कर्नाटक: 444
• तमिलनाडु: 194
• उत्तर प्रदेश: 208
• राजस्थान: 108
• हरियाणा: 87
• आंध्र प्रदेश: 72
• पुडुचेरी: 13
• सिक्किम: 16
• मध्य प्रदेश: 32
• झारखंड: 7
• छत्तीसगढ़: 41
• बिहार: 44
• ओडिशा: 29
• जम्मू-कश्मीर: 8
• पंजाब: 26
• असम: 8
• गोवा: 9
• तेलंगाना: 9
• उत्तराखंड: 7
• चंडीगढ़: 2
• हिमाचल प्रदेश: 3
• त्रिपुरा: 1
मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में इस समय कोरोना का कोई सक्रिय मामला नहीं है।





