शनिवार को उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। क्रिस्टल एविएशन का एक हेलीकॉप्टर, जो केदारनाथ मंदिर के लिए छह यात्रियों को लेकर जा रहा था, उसमें उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण पायलट को मजबूरन हाईवे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
सभी यात्री और पायलट सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर में मौजूद सभी पांच यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा और लैंडिंग के दौरान हाईवे पर खड़े एक वाहन से टक्कर भी हो गई।
हेलीकॉप्टर ने सिरसी से भरी थी उड़ान
यह हेलीकॉप्टर रुद्रप्रयाग जिले के सिरसी से केदारनाथ के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही हेलीकॉप्टर बडासू इलाके के पास पहुंचा, उसमें तकनीकी खराबी आने लगी। पायलट ने समझदारी दिखाते हुए समय पर निर्णय लिया और हाईवे पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई।
प्रशासन और पुलिस ने लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने मामले का संज्ञान लिया है और इसकी रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को भेज दी गई है।
अन्य उड़ानें सामान्य रूप से जारी
हेलीकॉप्टर सेवा देने वाली कंपनी ने जानकारी दी है कि बाकी सभी शटल सेवाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से जारी हैं। इस घटना ने एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हवाई सेवाओं की तकनीकी निगरानी की आवश्यकता को उजागर किया है।






