उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार एक महीने के भीतर 110 अवैध मदरसे सील कर चुकी है। अवैध मदरसों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में 16 अवैध मदरसे सील किए। रुद्रपुर में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चार मदरसे सील किए, जबकि किच्छा में आठ मदरसों को बंद किया गया। मंगलवार और बुधवार को चले अभियान में कुल 33 मदरसे सील किए गए थे। अब तक तीन दिन के भीतर उधम सिंह नगर जिले में 49 मदरसे सील किए जा चुके हैं, वहीं हरिद्वार में दो मदरसों को सील किया गया है।
गुरुवार को एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसीलदार रुद्रपुर दिनेश कुटोला, शिक्षा विभाग और अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस टीम ने मदरसों की जांच की। तहसीलदार के अनुसार, जांच के दौरान कच्ची खमरिया, ग्राम बड़ौरा, मल्सी और कुरैया में एक-एक मदरसे को सील किया गया है। जांच में यह पाया गया कि इन मदरसों के पास स्थायी या अस्थायी मान्यता नहीं थी, सोसायटी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था, भूमि से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं थे, बिना कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था और कुछ मामलों में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा भी किया गया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का साफ संदेश है कि राज्य में अवैध मदरसों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बीते दिनों प्रशासन ने देहरादून में भी कई अवैध मदरसे सील किए थे, जबकि हरिद्वार में 16 अवैध मदरसों पर ताले जड़ दिए गए। दून में हुई इस कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज ने हंगामा किया और कलक्ट्रेट का घेराव भी किया। मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पिछले एक महीने से अवैध मदरसों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। ये मदरसे बिना सरकारी अनुमति के संचालित हो रहे थे। प्रशासन को यह जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध मदरसों के संचालन के पीछे कौन जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कर दिया है कि जो भी धर्म की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड में 110 अवैध मदरसे सील, सरकार की कार्रवाई से खलबली मची




