अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है। सरकारी डॉक्टरों ने जानकारी दी है कि अब तक 19 मृतकों की पहचान डीएनए सैंपल के जरिए हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।
यह हादसा तब हुआ जब एअर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान हॉस्टल की इमारत पर गिरा, जिससे उसमें रह रहे कई अन्य लोग भी हताहत हुए। विमान में कुल 241 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकतर की मौत हो गई। मृतकों की संख्या अब 270 तक पहुंच चुकी है। अधिकतर शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान में कठिनाई आ रही है।
डीएनए जांच से शवों की पहचान और काउंसलिंग की सुविधा
सिविल अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि अब तक 19 शवों की डीएनए से पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से एक का पार्थिव शरीर परिवार को सौंप दिया गया है। दो और शव आज सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि डीएनए जांच एक संवेदनशील और समय लेने वाली प्रक्रिया है। इस बीच, पीड़ित परिवारों को मानसिक संबल देने के लिए काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
हादसे के स्थल से लगातार मिल रहे शव और अवशेष
अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विस ने पिछले 24 घंटों में दुर्घटनास्थल से कुछ अंगों सहित एक और शव बरामद किया है। शनिवार सुबह एक और शव मिला है। अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि फोरेंसिक और विमानन विशेषज्ञों के साथ मिलकर फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू में लगी हुई है। विमान का टेल फिन कैंटीन की क्षतिग्रस्त इमारत पर अटका हुआ है, जिसे निकालने के लिए क्रेन का सहारा लिया जा रहा है।
टाटा समूह ने किया एक करोड़ की सहायता का ऐलान
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि यह एक असहनीय क्षति है। उन्होंने घोषणा की कि टाटा समूह मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देगा। इसके अलावा, एअर इंडिया ने भी मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये की अंतरिम सहायता और घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने का वादा किया है। साथ ही बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के पुनर्निर्माण में मदद दी जाएगी।
दुर्घटना में भारतीय समेत कई विदेशी नागरिकों की मौत
इस हादसे में विमान में सवार 230 यात्रियों में से 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो नवजात शामिल थे। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक थे। विमान के 12 क्रू सदस्य भी हादसे में मारे गए। चमत्कारिक रूप से सिर्फ एक यात्री जीवित बच पाया। इसके अलावा हॉस्टल और आसपास के क्षेत्र में मौजूद 29 अन्य लोगों की भी जान गई है, जबकि कई का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।




