उत्तराखंड में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब केदारनाथ के पास गौरीकुंड क्षेत्र में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में पायलट समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।
हेलिकॉप्टर ने केदारनाथ दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को लेकर गौरीकुंड के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन सुबह लगभग 5:30 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था और यह गौरी माई खर्क के ऊपर जंगल में गिरा। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना की जानकारी सबसे पहले नेपाली मूल की महिलाओं ने दी, जो उस समय गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही थीं। हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हादसे की पुष्टि की है। मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे
आईजी गढ़वाल, राजीव स्वरूप ने बताया कि हादसे का स्थान बेहद दुर्गम है। हेलिकॉप्टर में सवार यात्री उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से थे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह करीब 5:20 बजे श्री केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी की ओर जा रहा था, तभी गौरीकुंड के पास दुर्घटना हो गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “X” पर लिखा, “रुद्रप्रयाग जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की अत्यंत दुखद खबर प्राप्त हुई है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं।” इससे पहले 7 जून को केदारघाटी में तकनीकी खराबी के चलते एक हेलिकॉप्टर को हाईवे पर आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा था। उस समय हेलिकॉप्टर में सवार सभी 5 यात्री और पायलट सुरक्षित बच गये थे।





