उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। उनके स्वागत के लिए दून पूरी तरह तैयार है। एफआरआई (फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट) के पास जीरो जोन घोषित किया गया है और पूरा शहर खूबसूरती से सजाया गया है।
मुख्य कार्यक्रम एफआरआई परिसर में आयोजित होगा। इस अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और पुलिस ने आसपास के इलाकों में जीरो जोन लागू किया है। शहरभर में रूट डायवर्ट किए गए हैं, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। वहीं, रजत जयंती उत्सव और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में आकर्षक होर्डिंग और सजावट की गई है। सरकारी भवनों को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे शहर का नज़ारा भव्य दिखाई दे रहा है।
रविवार का दिन दून और पूरे उत्तराखंड के लिए खास रहेगा, क्योंकि इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी करीब एक लाख लोग बनेंगे। शनिवार की शाम तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया था।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था:
प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा से लेकर यातायात तक की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पुलिस बल को सुबह से ही शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनात कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों, वीआईपी मेहमानों और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग यातायात योजना तैयार की है। एफआरआई के आसपास 100 मीटर से अधिक की दूरी पर ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहाँ से लोगों को शटल सेवा के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा और कार्यक्रम के बाद वापस पार्किंग तक लाया जाएगा।
मुख्य पार्किंग स्थल:
जोशी फार्म (बसंत विहार), टी स्टेट मिट्ठी बेरी गांव (प्रेमनगर क्षेत्र), क्लब ग्राउंड (एफआरआई परिसर), और बाबू गेट पार्किंग।
शनिवार को पूरे शहर में तैयारियों का माहौल रहा और हर गली-मोहल्ले में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की चर्चा होती रही।
इन रूटों पर रहेगा असर:
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर घंटाघर से प्रेमनगर, बल्लूपुर से कमला पैलेस, सेंट जूड्स चौक और प्रेमनगर से धूलकोट तक रूट डायवर्ट रहेगा, जिससे इन इलाकों में यातायात पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ेगा।






