इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा मैच जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई, लेकिन भारत ने शानदार वापसी करते हुए तीसरा और चौथा मैच जीत लिया और 2-1 की अजेय बढ़त हासिल की। पांचवां टी20 मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा और पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते उसे रद्द कर दिया गया। इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से मात दी।
गौरतलब है कि इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 2-1 से हराया था, लेकिन टी20 सीरीज में जीत दर्ज कर भारत ने वनडे की हार का बदला चुकता कर दिया। शनिवार को खेले गए अंतिम टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, बारिश के कारण खेल 4.5 ओवर तक ही हो सका, जिसमें अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर 52 रन जोड़े। इसके बाद बारिश नहीं थमी और मैच को रद्द करना पड़ा।
इस बीच, अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने केवल 528 गेंदों में 1000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए, यह उपलब्धि किसी भी फुल-मेम्बर टीम के बल्लेबाज के लिए सबसे तेज़ है। उन्होंने इस मामले में सूर्यकुमार यादव (573 गेंद) और फिल सॉल्ट (599 गेंद) को पीछे छोड़ दिया। साथ ही, भारतीय बल्लेबाजों में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने के मामले में अभिषेक अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 28 पारियों में हासिल की है। उनसे आगे केवल विराट कोहली (27 पारियां) हैं, जबकि केएल राहुल (29 पारियां) और सूर्यकुमार यादव (31 पारियां) उनके बाद आते हैं।
भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने सबसे कम पारियों में बनाए 1000 टी20 रन
खिलाड़ी पारियां
विराट कोहली 27
अभिषेक शर्मा 28
केएल राहुल 29
सूर्यकुमार यादव 31
रोहित शर्मा 40





