
पाकिस्तान को हराने के बाद बोले सूर्यकुमार; “यह जीत भारत के लिए”
टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने कोलंबो में खेले गए मैच में दमदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 चरण में जगह पक्की कर ली। मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला गया। मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए है और टीम ने वही क्रिकेट खेला जैसा वह खेलना चाहती थी। उन्होंने बताया कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर माना जा सकता था, लेकिन 175 तक पहुंचकर टीम ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन का अर्धशतक निर्णायक साबित हुआ। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। यह टी20 में पाकिस्तान पर भारत की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। बल्लेबाजी में तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने उपयोगी योगदान दिया, जबकि गेंद से हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने पाक बल्लेबाजों को संभलने नहीं दिया।
पाक कप्तान की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने माना कि पावरप्ले में जल्दी विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और मैच में वापसी नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि चार स्पिनरों के साथ उतरने की रणनीति भी कारगर साबित नहीं हुई। हार के बाद पाकिस्तान में कई जगह प्रशंसकों के टीवी तोड़ने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। स्टेडियम के बाहर भी पाक समर्थक निराश दिखे और टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
रिकॉर्ड में भारत आगे
टी20 विश्व कप इतिहास में भारत-पाक मुकाबलों की बात करें तो अब तक 9 मैचों में भारत 8 जीत के साथ भारी बढ़त बनाए हुए है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार जीत सका है। भारत अब ग्रुप चरण के आखिरी मैच में नीदरलैंड से भिड़ेगा।
हार के लिए सलमान आगा जिम्मेदार- वकार यूनिस
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने हार के लिए कप्तान सलमान आगा की रणनीति को जिम्मेदार ठहराया। उनका मानना है कि स्पिनर उस्मान तारिक को देर से गेंदबाजी देना बड़ी रणनीतिक भूल रही और भारत ने शुरुआती चरण में ही मैच अपने पक्ष में कर लिया। भारत की संतुलित बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और बेहतर रणनीति ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया, जबकि पाकिस्तान हर क्षेत्र में पीछे नजर आया।




