अमेरिका के ओहायो राज्य में गवर्नर चुनावों की तैयारी तेज़ हो गई है। इस दौड़ में भारतवंशी विवेक रामास्वामी भी एक प्रमुख उम्मीदवार के रूप में सामने आए हैं। अब उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी मिल गया है, जिससे उनके अभियान को और मजबूती मिली है।
अमेरिका के विभिन्न राज्यों में गवर्नर चुनावों का सिलसिला शुरू हो चुका है, और ओहायो राज्य में भी जल्द ही नए गवर्नर के लिए मतदान होने वाला है। विवेक रामास्वामी ने पहले ही गवर्नर पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा कर दी थी और अब वह पूरी सक्रियता के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
ट्रंप का समर्थन:
ट्रंप ने विवेक के समर्थन में सोशल मीडिया पर लिखा, “विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। यह वही जगह है जहाँ मैंने 2016, 2020 और 2024 में बड़ी जीत हासिल की थी। मैं विवेक को अच्छी तरह जानता हूं, मैंने उनके खिलाफ चुनाव भी लड़ा है और वे वास्तव में खास हैं। विवेक युवा, ऊर्जावान, बुद्धिमान और दृढ़ नेता हैं, जो सच्चे देशभक्त भी हैं। गवर्नर बनने के बाद वे ओहायो की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेंगे, खर्चों में कटौती लाएँगे, ‘मेड इन अमेरिका’ को बढ़ावा देंगे, ऊर्जा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करेंगे, सीमाओं की सुरक्षा करेंगे, अपराध पर अंकुश लगाएंगे और संविधान की रक्षा के लिए काम करेंगे। विवेक ओहायो के एक उत्कृष्ट गवर्नर साबित होंगे, मेरा पूरा समर्थन उनके साथ है।”
हिंदू पहचान पर गर्व:
विवेक रामास्वामी अपने हिंदू धर्म पर गर्व करते हैं और चुनाव प्रचार के दौरान वे निडर होकर हिंदू संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं के बारे में खुलकर बात करते हैं।
पहले ट्रंप के प्रतिद्वंद्वी, अब समर्थक:
रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति पद की दौड़ में विवेक पहले ट्रंप के प्रतिद्वंद्वी रह चुके हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस लेकर ट्रंप का समर्थन कर दिया था।
अब ट्रंप के खुले समर्थन के बाद विवेक रामास्वामी की ओहायो के गवर्नर पद की दावेदारी और भी मज़बूत मानी जा रही है।






