दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को जयपुर से जोड़ने वाला बांदीकुई-जयपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बुधवार सुबह 8 बजे से ट्रायल के लिए खोल दिया जाएगा। यह 7 से 10 दिन तक टोल फ्री रहेगा।
जयपुर: लंबे इंतजार के बाद बांदीकुई-जयपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का संचालन बुधवार सुबह 8 बजे शुरू हो रहा है। इसे पहले चरण में एक से डेढ़ हफ्ते तक परीक्षण के तौर पर खोला जाएगा। इस अवधि में यात्रियों से कोई टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। अगर इस दौरान कोई खामी नहीं पाई जाती, तो इसे स्थायी रूप से शुरू कर दिया जाएगा और टोल वसूली भी लागू कर दी जाएगी। शुरुआती चरण में ट्रैफिक केवल खुरी इंटरचेंज से ही चलेगा। अन्य इंटरचेंजों पर ट्रैफिक अगले एक-दो दिनों में शुरू करने की योजना है। एनएचएआई के मुताबिक, यह एक्सप्रेस-वे करीब 1368 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और इसकी लंबाई 66.91 किमी है। ट्रायल के दौरान ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल व अन्य प्रतिबंधित वाहनों को छोड़कर सभी गाड़ियों की आवाजाही होगी। इसके शुरू होने से जयपुर से दिल्ली का सफर घटकर महज ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा।
निजी कार/ जीप के लिए प्रस्तावित टोल दरें:
• जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे (66.91 किमी): ₹150
• जयपुर-बांदीकुई-सोहना एक्सप्रेस-वे: ₹550–₹560
• सोहना से गुरुग्राम सिक्स लेन हाइवे: ₹130
• जयपुर से दिल्ली कुल टोल: ₹680–₹690
एनएचएआई दौसा इकाई के परियोजना निदेशक बी.एस. जोईया के अनुसार, ट्रायल रन के तहत बुधवार से जयपुर-बांदीकुई लिंक पर दिल्ली एक्सप्रेस-वे और मनोहरपुर हाइवे का ट्रैफिक लिया जाएगा। अन्य मार्गों का ट्रैफिक भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा। जैसे ही उच्च अधिकारियों से आदेश मिलेंगे, टोल गेट चालू कर दिए जाएंगे।






