अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात निधन हो गया था। शनिवार 28 जून को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके अचानक निधन से सभी हैरान हैं। सोमवार को पुलिस जांच में कुछ अहम तथ्य सामने आए हैं।
शेफाली जरीवाला का 27 जून की रात निधन हुआ। उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब पुलिस ने उनकी मौत को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि शेफाली उम्र बढ़ने के असर को रोकने के लिए कई तरह की दवाइयां ले रही थीं। संभवतः खाली पेट इन दवाओं का सेवन करने से उनका ब्लड प्रेशर गिर गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को घर में पूजा के चलते शेफाली उपवास पर थीं। उपवास के दौरान उन्होंने कई दवाइयां खाली पेट ले लीं, जिससे उनका ब्लड प्रेशर बेहद कम हो गया। इसी वजह से उन्हें चक्कर आया और वे गिर पड़ीं। अधिकारी ने यह भी बताया कि शुक्रवार दोपहर उन्होंने एक इंजेक्शन लिया था, जो शायद जवान बने रहने के लिए लगाया गया था। रात में भी उन्होंने रोजाना ली जाने वाली दवाइयां ली थीं। ब्लड प्रेशर बहुत गिरने पर शेफाली कांपने लगीं। इसके बाद परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने जुटाए नमूने
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक अंबोली पुलिस ने घटना के सिलसिले में 10 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें उनके पति, माता-पिता और घरेलू सहायिका शामिल हैं। अभी तक किसी भी संदिग्ध बात का पता नहीं चला है। जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम शेफाली के घर पहुंची और वहां से दवाइयों व इंजेक्शन समेत कई चीजों के नमूने एकत्र किए। मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। बता दें कि शेफाली को शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे उनके पति पराग त्यागी अंधेरी स्थित बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर रात लगभग एक बजे पुलिस को मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया।






