करौली: यह घटना रविवार को उस समय हुई जब फरीदाबाद निवासी कमल सिंह अपने परिवार के साथ मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे थे। वहां ड्यूटी पर तैनात गार्डों ने कथित रूप से महिलाओं और बच्चों सहित कई श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी रोष फैल गया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्रद्धालुओं को स्थानीय राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका उपचार किया गया।
श्रद्धालुओं ने गार्डों पर महिलाओं से बदसलूकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। कमल सिंह और उनके बेटे विनोद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। टोडाभीम के डीएसपी मुरारी लाल मीणा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाने शुरू कर दिए।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने तीन गार्डों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम (25 वर्ष) निवासी सिंगरावली, आगरा; रमेश (35 वर्ष) निवासी भोपावास थाना सामोद; और शैलेश कुमार यादव (48 वर्ष) निवासी नगला गड़रिया थाना सकरौली, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। इस घटना के बाद मेहंदीपुर बालाजी मंदिर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।
मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं से मारपीट की, तीन आरोपी गिरफ्तार






