अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया पर लगे कई अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद, उनके परिवार, शीर्ष सहयोगियों, आतंकवादी संगठनों और मादक पदार्थ जैसे एम्फैटेमिन व कैप्टागन बनाने-बेचने वालों पर प्रतिबंध पहले की तरह लागू रहेंगे। सोमवार को ट्रंप ने इस आदेश पर दस्तखत किए। ट्रंप के दस्तखत के बाद व्हाइट हाउस ने आदेश की कॉपी सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी की। हालांकि यह प्रेस के लिए सार्वजनिक नहीं की गई। इससे पहले मई में भी अमेरिका ने सीरिया पर कुछ प्रतिबंधों में ढील दी थी। यह कदम 13 वर्षों से गृहयुद्ध झेल रहे सीरिया पर दशकों से लगे दंड को हटाने की दिशा में पहला प्रयास था। यह कदम उनके पहले किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में उठाया गया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति का यह निर्णय सीरिया में शांति और स्थिरता बहाल करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, “यह एक और वादा है जिसे निभाया गया।”
ट्रेजरी विभाग में आतंकवाद और वित्तीय खुफिया मामलों के कार्यवाहक अवर सचिव ब्रैड स्मिथ ने बताया कि इस आदेश का मकसद सीरिया को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में वापस जोड़ना और वैश्विक कारोबार के लिए माहौल तैयार करना है। इसके साथ ही अमेरिका से सीरिया में निवेश को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी। ट्रेजरी अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप ने आर्थिक प्रतिबंधों में ढील देने के साथ ही पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के समय लगाए गए कुछ पुराने आदेश भी खत्म कर दिए। ये आदेश लेबनान पर सीरिया के कब्जे और हथियार व मिसाइल कार्यक्रमों के कारण लागू किए गए थे। सीरिया से जुड़े पांच पुराने कार्यकारी आदेशों को भी वापस ले लिया गया है। फिर भी आतंकवादी संगठनों और एम्फैटेमिन व कैप्टागन जैसे मादक पदार्थ बनाने-बेचने वालों पर प्रतिबंध जारी रहेंगे।
मई में सऊदी अरब में ट्रंप ने सीरिया के अंतरिम नेता अहमद अल-शरा से मुलाकात की थी। उसी समय उन्होंने अमेरिकी प्रतिबंध हटाने और दोनों देशों के संबंध सामान्य करने का वादा किया था।
उधर दूसरी ओर यूरोपीय संघ ने भी सीरिया पर लगे बाकी सभी प्रतिबंध समाप्त कर दिए हैं, हालांकि कुछ पाबंदियां अब भी बनी हुई हैं। अमेरिका अब भी सीरिया को आतंकवाद समर्थक देश मानता है और अल-शरा के नेतृत्व वाले गुट को विदेशी आतंकी संगठन की श्रेणी में रखता है। विदेश विभाग का एक अधिकारी ने कहा कि वे इन फैसलों की समीक्षा कर रहे हैं।
ट्रंप ने सीरिया पर कई प्रतिबंध हटाए, पूर्व राष्ट्रपति असद पर पाबंदियां बरकरार रहेंगी






