एक तरफ अमेरिका गाजा में युद्धविराम की बातचीत करने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इस्राइली सेना ने अपने हमले तेज कर दिए हैं। सोमवार को आईडीएफ के ताजा हमलों में गाजा में 74 लोगों की जान चली गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस्राइली बलों ने बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए और खाने की तलाश में जुटे लोगों पर गोलियां भी चलाईं। बताया गया कि हमलों में समुद्र तट के पास एक कैफे को निशाना बनाया गया, जहां 30 लोग मारे गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
गाजा सिटी में अल-बका कैफे पर तब हमला हुआ जब वहां महिलाओं और बच्चों की भीड़ मौजूद थी। हमले के वक्त कैफे में मौजूद अली अबू अतीला ने बताया कि बिना किसी चेतावनी के एक इस्राइली लड़ाकू विमान ने अचानक बम गिरा दिया। धमाका इतना जोरदार था कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो। उत्तरी गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन सेवा प्रमुख फारेस अवाद ने कहा कि हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
गौर करने वाली बात यह है कि यह कैफे पिछले 20 महीनों से चल रही लड़ाई के दौरान भी खुला था, जहां लोग इंटरनेट इस्तेमाल करने और अपने फोन चार्ज करने आते थे। हमलों के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें जमीन पर खून से लथपथ शव और घायल लोग दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, राहत सामग्री लेने की कोशिश कर रहे फिलिस्तीनी नागरिकों पर भी इस्राइली सैनिकों ने गोलीबारी की, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई। शिफा अस्पताल ने बताया कि गाजा सिटी की सड़कों पर हुए दो अन्य हमलों में 15 और लोग मारे गए।
युद्धविराम की कोशिशों के बीच गाजा पर आईडीएफ के हमले, 74 लोगों की मौत






