राजधानी जयपुर में मेट्रो परियोजना के फेज-1सी का काम रोक दिया गया है। माना जा रहा है कि सरकार के निर्देश पर इसे रोका गया है। पहले सरकार इस प्रोजेक्ट की समीक्षा करेगी और उसके बाद ही इसके भविष्य पर फैसला लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पिछले कई दिनों से काम बंद है। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर अब तक केवल पांच प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। मामले में मेट्रो के प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उन्हें संदेश भी भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरअसल, पूर्व कांग्रेस सरकार ने मेट्रो रूट का विस्तार करते हुए बड़ी चौपड़ से रामगंज चौपड़ होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक के रूट को फाइनल किया था। 21 सितंबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसका शिलान्यास किया था, जिसके बाद काम शुरू हुआ था।
यह परियोजना 980 करोड़ रुपए की है, जिसमें 2.85 किलोमीटर का रूट प्रस्तावित है। इसमें 2.26 किलोमीटर भूमिगत और 0.59 किलोमीटर का कॉरिडोर रूट शामिल है। निर्माण कार्य को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस रूट पर रामगंज चौपड़ और ट्रांसपोर्ट नगर में मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं। हालांकि, मानसरोवर से 200 फीट बाइपास तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जारी है।
जयपुर मेट्रो ने फेज-1 सी का काम रूका, सरकार करेगी प्रोजेक्ट की समीक्षा, 980 करोड़ रुपए की है ये परियोजना





