उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री मनोहरलाल पंत उर्फ मन्नू कोरी पर जौरासी घाटी (बिलौआ) से गुजरते समय हमला हो गया। यह घटना शुक्रवार शाम 6:40 बजे हुई, जब 8-10 युवकों ने उनके काफिले को घेर लिया। कार रोककर मंत्री के स्टाफ के साथ मारपीट की गई। इस दौरान जब राज्यमंत्री और उनका पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने पीएसओ के हाथ पर हमला कर उनके अंगूठे और उंगली को काटकर घायल कर दिया। साथ ही, पीएसओ की सरकारी पिस्टल लूट ली।
घटना के समय मंत्री पंत आगरा से ललितपुर जा रहे थे। गुरुवार रात घाटी में एक ट्रॉला पलट गया था, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया था। मंत्री की कार के चालक अमित ने जाम से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी कार के आगे बाइक सवार बंटी यादव, जो बिलौआ का निवासी है, चल रहा था। जब चालक अमित ने हूटर बजाया, तो बंटी यादव नाराज हो गया और बहस करने लगा। गुस्से में आकर पीएसओ सर्वेश चौधरी ने कार से उतरकर बंटी को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस के मुताबिक, थप्पड़ से नाराज बंटी ने अपने साथियों को बुला लिया। करीब 100 मीटर दूर बघेल ढाबे के पास इन लोगों ने मंत्री के काफिले को घेर लिया और लाठियों से हमला कर दिया। पीएसओ ने पिस्टल निकालकर हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुके। बंटी ने पीएसओ सर्वेश के हाथ पर दांतों से हमला कर अंगूठा और उंगली घायल कर दी। इसके बाद सरकारी पिस्टल लूटकर उन्हें पीटा और उनके कपड़े फाड़ दिए। पीएसओ को बचाने के लिए चालक अमित और अर्दली राकेश ने बीच-बचाव किया, लेकिन उन्हें भी पीटा गया।
हमलावरों ने मंत्री और उनके स्टाफ पर जाम के बीच हमला किया। मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं की। भीड़ के बीच हमलावर 9 एमएम की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गए। इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य कारण जौरासी घाटी में ट्रॉले के पलटने से लगा जाम था। ट्रैफिक फंसे होने के कारण हालात 24 घंटे तक खराब रहे। पुलिस ने ट्रॉला हटाने और जाम हटवाने में देरी की। घटना के बाद मंत्री पंत ने इसे गंभीर मामला बताया और कहा कि अगर जाम नहीं होता, तो यह घटना शायद नहीं होती। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रॉले को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। साथ ही, उन्होंने हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राज्यमंत्री के स्टाफ से मारपीट और पिस्टल लूटने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी सरकारी पिस्टल भी बरामद की है। आरोपियों पर लूट, शासकीय लोकसेवक से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा, मध्यप्रदेश दस्यु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अरविंद कुमार सक्सेना आईजी ग्वालियर रेंज
यूपी के राज्यमंत्री के काफिले पर मध्य प्रदेश में हमला, मारपीट कर सरकारी पिस्टल भी छीनी





