आजम खां ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए जेल प्रशासन से बैठने के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने जेल नियमों का उल्लेख करते हुए उनकी यह मांग ठुकरा दी। इस पर आजम खां नाराज हो गए।
सूत्रों के अनुसार, कुर्सी न मिलने से नाराज़ आजम खां ने मुलाकात करने से इंकार कर दिया। गुरुवार को उन्होंने जेल अधीक्षक से कोर्ट के आदेश की प्रति मांगी, जिसे जेल प्रशासन ने उपलब्ध करा दिया। इससे पहले सोमवार रात उन्होंने घर से कंबल मंगाने की बात कही थी, लेकिन अनुमति न मिलने पर वे फिर से भड़क गए। जेल प्रशासन के मुताबिक बुधवार को आजम खां अपने वकीलों से मिले थे, जहां उन्हें कोर्ट के आदेश के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने जेल प्रशासन को पत्र लिखकर आदेश की कॉपी मांगी, जिसे उन्हें उपलब्ध करा दिया गया। इससे पहले भी उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से कुर्सी की मांग की थी, लेकिन जेल मैनुअल के तहत अनुमति न होने पर उन्हें कुर्सी नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे और बहन से मुलाकात करना भी अस्वीकार कर दिया।
इधर उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने उन्हें गुरुवार को अतिरिक्त कंबल और चादर दे दी हैं। भोजन की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें खाना जेल स्टाफ की मौजूदगी में दिया जा रहा है। बुधवार को उनकी दवाइयां खत्म होने पर, जेल में दवाएं उपलब्ध न होने के कारण जेल प्रशासन ने डॉक्टर की सलाह पर बाजार से दवाइयां खरीदकर दीं। जेलर सुनील सिंह ने बताया कि आजम खां की कुर्सी और कोर्ट आदेश की मांग पर कार्रवाई की गई है। कोर्ट आदेश उन्हें दे दिया गया है, लेकिन जेल नियमों में कुर्सी देने का प्रावधान नहीं होने के चलते कुर्सी उपलब्ध नहीं कराई गई।





