जयपुर: राजस्थान पुलिस के नए महानिदेशक (डीजीपी) राजीव शर्मा ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं और यह संकल्प व्यक्त किया कि राजस्थान को पुलिसिंग के क्षेत्र में देशभर में एक मॉडल राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर सख्ती और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार ने जो भरोसा जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात है और वे इसे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे। डीजीपी ने आश्वासन दिया कि राजस्थान पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को और मजबूत किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि राजस्थान ऐसा राज्य बने, जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने थानों को आम लोगों के लिए और ज्यादा सहज व अनुकूल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थानों में पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगी होना चाहिए। उनकी कोशिश होगी कि किसी भी व्यक्ति की शिकायत का त्वरित और उचित समाधान किया जाए। डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे जनता के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करें।
डीजीपी शर्मा ने कहा कि संगठित अपराध, महिला सुरक्षा और अन्य अपराधों पर कड़ी कार्रवाई उनकी प्राथमिकता रहेगी। बढ़ते साइबर अपराध को उन्होंने एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसके लिए विशेष टीमें बनाई जाएंगी और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। उन्होंने पुलिस बल से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया और कहा कि हम सब मिलकर राजस्थान को सुरक्षित बनाएंगे। हर स्तर पर पारदर्शिता और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। अंत में डीजीपी ने अपील की कि पुलिसकर्मी जनता के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता बनाएं।






