गुरुवार सुबह छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह 7 बजे आरती के बाद अचानक पंडाल का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ श्रद्धालु घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज बारिश और आंधी के कारण पंडाल में पानी भर गया था और दबाव के चलते लोहे की एंगल नीचे गिर गई। इससे एक श्रद्धालु श्यामलाल कौशल के सिर पर गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बारिश से बचने के लिए सभी शेड के नीचे खड़े हो गए थे। तभी अचानक टेंट गिर पड़ा और वहां भगदड़ मच गई। घायल राजेश ने बताया कि उनके ससुर श्यामलाल कौशल की इस घटना में जान चली गई। वहीं परिवार के छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें उनकी पत्नी सौम्या, बच्चियां पारुल और उन्नति, पड़ोसी आर्यन और कमला शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजेश ने बताया कि वे लोग दर्शन के लिए आए थे। बारिश होने पर सब पंडाल के नीचे चले गए और कुछ देर बाद अचानक ढांचा गिर गया। इसमें करीब 15 से 20 लोग दब गए थे, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने बाहर निकाला।
कथा वाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन और बालाजी दरबार के आयोजन के कारण यहां भीड़ उमड़ी हुई थी। एक से तीन जुलाई तक बालाजी का दिव्य दरबार आयोजित हो रहा है। पं. धीरेन्द्र शास्त्री अपनी विदेश यात्रा से लौटने के बाद धाम में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रुतिया ने बताया कि टेंट वाटरप्रूफ था, लेकिन बारिश का पानी जमा हो जाने और तेज हवा चलने से इसका एक हिस्सा गिर पड़ा। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बागेश्वर धाम में पंडाल गिरने से एक श्रद्धालु की मौत, आठ लोग घायल






