अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नाराज़गी जताई है। व्हाइट हाउस में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने कहा कि रूस के हमलों से बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की मौत हो रही है और यह युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा। उन्होंने माना कि पहले उन्हें उम्मीद थी कि पुतिन को समझाकर संघर्ष खत्म किया जा सकेगा, लेकिन यह बेहद मुश्किल साबित हुआ।
ट्रंप ने याद दिलाया कि अपने पिछले चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने दावा किया था कि वे रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्दी खत्म कर देंगे। हालांकि अब उन्होंने माना कि पुतिन शांति की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। कुछ दिन पहले पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि रूसी राष्ट्रपति युद्ध रोकना चाहते हैं। इसी तरह सोमवार को इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ डिनर में भी ट्रंप ने साफ कहा कि वे पुतिन से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं।
कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि अमेरिका फिर से यूक्रेन को रक्षात्मक हथियार भेजेगा, जबकि पहले इस पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने कहा कि पुतिन इंसानों के साथ सही बर्ताव नहीं कर रहे और बहुत से लोग मारे जा रहे हैं, इसलिए हथियार भेजने का फैसला किया गया। जब उनसे पूछा गया कि हथियार भेजने पर रोक किसने लगाई थी, तो ट्रंप ने व्यंग्य में कहा, “मुझे नहीं पता, आप ही बताइए।” इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के लोग बहुत बहादुर हैं और अमेरिका ने उन्हें सबसे बेहतरीन हथियार दिए हैं। उन्होंने माना कि अगर ये हथियार ना मिलते, तो यह युद्ध शायद तीन-चार दिन में खत्म हो जाता।
ट्रंप के इन ताजा बयानों से साफ है कि अब रूस और यूक्रेन के प्रति उनका नजरिया पहले जैसा नहीं रहा और यह संघर्ष उनकी विदेश नीति के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
ट्रंप ने पुतिन पर यूक्रेन में लोगों की हत्या का आरोप लगाया






