दक्षिण कोरिया के एक हवाई अड्डे पर उतरते समय एक विमान में आग लगने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 120 हो गई है। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की अग्निशमन एजेंसी ने दी। आपातकालीन कार्यालय के अनुसार, दक्षिणी शहर मुआन के हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ ‘जेजू एयर’ का यात्री विमान बैंकॉक से लौट रहा था और उसमें कुल 181 लोग सवार थे। बताया जाता है कि विमान के ‘लैंडिंग गियर’ में खराबी के चलते वह रनवे से फिसलकर एक अवरोधक से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। इस बीच, एक नया वीडियो फुटेज सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि उड़ान के दौरान विमान से एक पक्षी टकरा गया था। इस घटना के कारण हवा में ही विमान में आग लग गई और उसका लैंडिंग गियर खराब हो गया। विमान ने रनवे पर उतरने के लिए दो बार प्रयास किया। पहली बार वह फिसल गया और दूसरी कोशिश में आग लग गई। बोइंग 737-800 जेट में कुल 175 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। वीडियो फुटेज में देखा गया कि रनवे पर उतरते ही विमान आग के गोले में बदल गया। यह विमान थाईलैंड के बैंकॉक से मुआन आ रहा था।
दक्षिण कोरियाः हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान में आग लगने से 120 यात्रियों की मौत






