रेलवे बोर्ड ने पहली तिमाही में 9000 से ज्यादा उम्मीदवारों को भेजे नियुक्ति पत्र
रेलवे भर्ती बोर्ड ने इस साल की पहली तिमाही में 9,000 से ज्यादा उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। रेलवे मंत्रालय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50,000 से अधिक उम्मीदवारों को नौकरियां दी जाएंगी। मंत्रालय के अनुसार, नवंबर 2024 से अब तक 55,197 पदों के लिए सात विभिन्न अधिसूचनाएं निकाली गई हैं। इन अधिसूचनाओं के अंतर्गत 1.86 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवारों की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं (सीबीटी) कराई गई हैं।
बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में रेल मंत्रालय ने कहा कि इन भर्तियों के चलते 2025-26 में 50,000 से ज्यादा पदों पर नियुक्ति की योजना बनाई गई है। पहली तिमाही में ही 9,000 से ज्यादा लोगों को जॉइनिंग लेटर दिए जा चुके हैं। परीक्षा की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आरआरबी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि उम्मीदवारों को उनके निवास स्थान के पास ही परीक्षा केंद्र दिया जाए। इसमें महिलाओं और दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) उम्मीदवारों को खास प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाने और पारदर्शिता बनाए रखने हेतु अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत भी होगी।
मंत्रालय ने बताया कि 2026-27 में भी 50,000 से ज्यादा भर्तियां प्रस्तावित की गई हैं। आरआरबी ने अपने वार्षिक कैलेंडर के अनुसार 2024 से अब तक 1,08,324 पदों के लिए कुल 12 अधिसूचनाएं जारी की हैं। उम्मीदवारों की पहचान के लिए पहली बार ई-केवाईसी आधारित आधार कार्ड प्रमाणीकरण अपनाया गया है, जिससे 95% से अधिक मामलों में सफलता मिली है। परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर 100% जैमर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का गलत इस्तेमाल रोका जा सके।





