मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगरा की नई आवासीय योजना अटलपुरम टाउनशिप का उद्घाटन किया। यह योजना ग्वालियर रोड स्थित ककुआ और भांडई क्षेत्र में 138 हेक्टेयर (करीब 340 एकड़) भूमि पर विकसित की जा रही है। इस योजना की कुल लागत करीब ₹2,242 करोड़ है।

इस योजना के तहत आवासीय भूखंडों की बुकिंग 8 अगस्त से ऑनलाइन शुरू होगी। योजना में कुल 1,430 भूखंड तीन चरणों में 11 सेक्टरों में लॉटरी के माध्यम से बेचे जाएंगे। पहले चरण में सेक्टर-1 में 322 भूखंडों की बिक्री होगी। भूखंड की दर ₹29,500 प्रति वर्गमीटर तय की गई है। भूमि खरीद पर एडीए ने ₹784 करोड़ खर्च किए हैं, जबकि ₹731 करोड़ आंतरिक व बाहरी विकास पर व्यय होंगे। इसके अलावा 14% ओवरहेड खर्च और 15% आकस्मिक व्यय मिलाकर कुल लागत ₹2,242 करोड़ बैठती है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
• आवेदन सिर्फ ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
• पंजीकरण की वेबसाइटें:
🔹 http://www.adaagra.org.in
🔹 https://janhit.upda.in
• आवेदन के साथ आवेदक को अपना फोटो, शपथपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
• आरक्षित वर्ग के आवेदकों को जाति प्रमाणपत्र भी देना होगा।
• आवेदन केवल एकल नाम या पति-पत्नी के संयुक्त नाम से ही मान्य होंगे।
लॉटरी प्रक्रिया और नियम
• लॉटरी से 15 दिन पहले त्रुटियों को सुधारने का मौका मिलेगा।
• लॉटरी के बाद किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।
• जिन्हें भूखंड आवंटित नहीं होगा, उन्हें 30 दिन में पंजीकरण राशि लौटा दी जाएगी।
• एक व्यक्ति केवल एक ही श्रेणी के भूखंड के लिए आवेदन कर सकेगा।
ईडब्ल्यूएस और एलआईजी आय प्रमाण पत्र की शर्तें
• ईडब्ल्यूएस: सालाना आय ₹3 लाख से कम
• एलआईजी: सालाना आय ₹3 से ₹6 लाख के बीच
भुगतान की प्रक्रिया
• पंजीकरण के समय:
🔸 सामान्य वर्ग: भूखंड मूल्य का 10%
🔸 आरक्षित वर्ग: 5% जमा करना होगा।
• लॉटरी में चयन के बाद:
🔸 सामान्य वर्ग: अतिरिक्त 15%
🔸 आरक्षित वर्ग: 20% जमा करना होगा।
• शेष 75% राशि किस्तों में देनी होगी:
🔹 एलआईजी/एमआईजी/एचआईजी के लिए: 12% ब्याज के साथ 12 तिमाही किस्तों में
🔹 ईडब्ल्यूएस के लिए: 12% ब्याज सहित 20 तिमाही किस्तों में
• समय पर किस्त न देने पर 2% अतिरिक्त या कुल 14% दंड ब्याज लगेगा।
• कॉर्नर भूखंडों पर 10% अतिरिक्त “कॉर्नर शुल्क” और भूखंड मूल्य का 12% “फ्री होल्ड शुल्क” देय होगा।
ग्रुप हाउसिंग और व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी
• 1,430 आवासीय भूखंडों के अलावा:
🔹 96 व्यावसायिक भूखंड
🔹 18 ग्रुप हाउसिंग भूखंड भी योजना में शामिल हैं।
• ग्रुप हाउसिंग: ₹45,000/वर्गमीटर
• व्यवसायिक भूखंड: ₹59,000/वर्गमीटर
• इनकी बिक्री ई-नीलामी के जरिए होगी, जिसके लिए एडीए अलग से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करेगा।





