भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, कमलनाथ समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों को पूरा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “एक ऐसा भारत, जहां हर नागरिक को सम्मान मिले, सद्भावना बनी रहे और लोकतंत्र व संविधान की नींव मज़बूत हो। पापा, आपके सपने को पूरा करना ही मेरा जीवन लक्ष्य है।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में पहुंचाया। उन्होंने मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज को मज़बूत बनाना, दूरसंचार और आईटी क्रांति, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा सुधार जैसे कदमों से देश में ऐतिहासिक बदलाव लाए।
सचिन पायलट ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने दूरदर्शी सोच और प्रगतिशील विचारों से भारत को आधुनिक दृष्टि दी और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाया।
कमलनाथ ने उन्हें “तकनीकी भारत के शिल्पकार और संचार क्रांति के जनक” बताते हुए कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें राजीव गांधी के साथ काम करने का अवसर मिला।
प्रियंका गांधी ने लिखा, “आपसे हमें करुणा, प्रेम और देशभक्ति की विरासत मिली है। इस धर्म को हम हमेशा निभाते रहेंगे।”
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राजीव गांधी ने तकनीक, आधुनिकता और समावेशिता की दिशा में भारत को नई पहचान दी और युवाओं को राजनीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जब लोकतंत्र और संविधान कमजोर हो रहे हैं, तब राजीव गांधी की सोच और योगदान हमें प्रेरणा देते हैं कि हम देश की रक्षा कर सकें और उसे आगे बढ़ा सकें।





