उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान एक व्यक्ति ने मांस का टुकड़ा फेंक दिया, जिससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 35 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम पिपराइच रेलवे स्टेशन के पास स्थित हनुमान मंदिर में हुई। आरती चल रही थी, तभी उमेश ने महिलाओं की ओर मांस के टुकड़े फेंक दिए। इस पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक, उमेश हाल ही में हैदराबाद से लौटा है, जहां वह पेंटिंग और रंगाई का काम करता था।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नशे में प्रतीत हो रहा था। चौरी चौरा क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह ने कहा कि उमेश अपने बयान लगातार बदल रहा है। कभी वह कहता है कि एक स्थानीय मांस विक्रेता ने उसे ऐसा करने के लिए कहा, तो कभी दूसरी बात करता है। घटना के बाद गुस्साए लोग थाने पहुंच गए और अन्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को शांत किया।
यूपी: आरती के दौरान मांस का टुकड़ा फेंकने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मची





