आज सुबह हरियाणा के करनाल में गांव डबरी से उन्हें गिरफ्तार किया गया था। थाने ले जाते समय पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। फायरिंग के बाद विधायक अपने साथियों के साथ एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से फरार हो गए। पुलिस ने एक गाड़ी को कब्जे में ले लिया है, जबकि दूसरी गाड़ी में फरार विधायक की तलाश जारी है।
पंजाब के पटियाला जिले के सनौर क्षेत्र से विधायक पठानमाजरा को धारा 376 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया था। खास बात यह है कि उनकी सुरक्षा कल ही पंजाब सरकार ने वापस ले ली थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान दे रहे थे और हालिया बाढ़ के लिए सिंचाई विभाग के मुख्य अधिकारी कृष्ण कुमार को जिम्मेदार ठहरा चुके थे। विधायक की गिरफ्तारी और फरारी के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
पंजाब के आप विधायक हरमीत सिंह पुलिस हिरासत से फरार






