सेमीकॉन इंडिया 2025 का आयोजन 2 से 4 सितंबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया और वे 3 सितंबर को सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे।
यह भारत का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स शो है। उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अप्रैल-जून तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था ने 7.8% की वृद्धि दर्ज कर उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत पर भरोसा करती है और भारत के साथ सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “तेल को कभी काला सोना कहा जाता था, लेकिन चिप्स (सेमीकंडक्टर) ही असली हीरे हैं।”
यह सम्मेलन सेमीकॉन इंडिया का चौथा संस्करण है। अब तक के सबसे बड़े इस आयोजन में 48 देशों की 350 से ज्यादा कंपनियां और बड़ी संख्या में वैश्विक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में महाशक्ति के रूप में स्थापित करना है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी 3 सितंबर को भी सुबह 9:30 बजे सम्मेलन में शामिल होंगे और सीईओ गोलमेज बैठक का हिस्सा बनेंगे। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम भारत में एक मजबूत, टिकाऊ और लचीले सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा। सेमीकंडक्टर को आधुनिक तकनीक का केंद्र माना जाता है और इनकी भूमिका स्वास्थ्य, परिवहन, संचार, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटलाइजेशन और ऑटोमेशन के बढ़ते दौर में सेमीकंडक्टर आर्थिक सुरक्षा और रणनीतिक स्वतंत्रता की नींव बन चुके हैं।
यह सम्मेलन सेमीकंडक्टर फैब, एडवांस पैकेजिंग, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिसर्च एंड डेवलपमेंट जैसे विषयों पर केंद्रित होगा। साथ ही इसमें डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव योजना, स्टार्टअप इकोसिस्टम की प्रगति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी चर्चा होगी।
इस आयोजन में 150 से अधिक वक्ता, 50 से ज्यादा वैश्विक नेता और 350 से अधिक प्रदर्शक अपनी तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। छह देशों की राउंडटेबल चर्चाएं और स्टार्टअप तथा वर्कफोर्स डेवलपमेंट के लिए विशेष पवेलियन भी इसमें शामिल होंगे।
2021 में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने के बाद सिर्फ चार साल में भारत ने अपने विजन को हकीकत में बदल दिया है। इस दिशा में सरकार ने 76,000 करोड़ रुपये की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजना शुरू की है।






