दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 156 दिनों के बाद तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। जेल से बाहर आते ही उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। रिहाई के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। दिल्ली में हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केजरीवाल की रिहाई का जश्न मना रहे हैं।
केजरीवाल, जो दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तार हुए थे, रिहाई के बाद कश्मीरी गेट से सीएम हाउस तक रोड-शो कर रहे हैं, जिसमें कई आप नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल ने कहा कि जेल उनकी हिम्मत को तोड़ नहीं सकी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मैं सबसे पहले भगवान का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझे बाहर आने का अवसर दिया। मेरे खून का हर कतरा देश के लिए समर्पित है।”
केजरीवाल ने कहा, “जेल की सलाखों ने मेरे हौसले को कम नहीं किया। जेल में डालकर मेरे हौसले को तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन आज मैं बाहर हूं और मेरा हौसला 100 गुना बढ़ गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह जीवन भर उन ताकतों के खिलाफ लड़ते रहेंगे जो देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में केजरीवाल को जमानत दी थी। 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए केजरीवाल को 1 अप्रैल को तिहाड़ जेल भेजा गया था। 10 मई को 21 दिन के लिए चुनाव प्रचार के लिए रिहा किया गया था और 2 जून को वापस जेल में सरेंडर कर दिया था। आज 13 सितंबर को उनकी रिहाई हुई, जिससे कुल 177 दिन जेल में बिताने के बाद, 21 दिन की रिहाई को घटाकर केजरीवाल ने कुल 156 दिन जेल में बिताए।
केजरीवाल तिहाड़ जेल से रिहा, केंद्र सरकार पर किया हमला





