
दिल्ली के चंदन पार्क इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
राष्ट्रीय राजधानी में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। आउटर नॉर्थ दिल्ली का आमतौर पर शांत रहने वाला चंदन पार्क उस समय सिहर उठा, जब एक सनकी शख्स ने अपने ही परिवार की जिंदगी खत्म कर दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में आरोपी ने हैवानियत की हद पार करते हुए धारदार हथियार से पत्नी और तीन मासूम बच्चों का गला रेत दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
सूचना के अनुसार, पुलिस को घर के अंदर चार शव पड़े होने की खबर मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गई। महिला और तीनों बच्चों के गले कटे हुए थे तथा कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच में संदेह जताया जा रहा है कि महिला के पति ने ही इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।





