रूस और यूक्रेन के बीच लगभग चार साल से युद्ध जारी है और दोनों ही देश पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। हाल ही में रूसी हमलों के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वे जंग खत्म करने के लिए तैयार हैं। कुछ दिन पहले अलास्का में रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच यूक्रेन युद्ध को खत्म करने को लेकर हुई बातचीत भी नतीजाविहीन रही थी। ताज़ा घटनाक्रम में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला किया, जिससे पेचेर्स्की ज़िले में कैबिनट बिल्डिंग में आग लग गई। यूक्रेनी सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। रॉयटर्स के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने यूक्रेनी सरकार की मुख्य इमारत से घना धुआं उठते देखा।
रूस ने गिराए 800 से ज्यादा ड्रोन
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने कीव पर रातभर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इसमें एक नवजात सहित तीन लोगों की मौत हुई और 18 लोग घायल हो गए। राजधानी में सरकारी मुख्यालय समेत कई इमारतों में आग लग गई। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के मुताबिक, पहले ड्रोन से हमला किया गया और उसके बाद मिसाइलें दागी गईं। यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार यूक्रेनी सरकार की मुख्य इमारत को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात में 805 ड्रोन और 13 मिसाइलें दागीं। क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर बताया कि हमले में एक बच्ची और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला सहित पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले डार्नित्स्की ज़िले में एक शेल्टर पर हमले में एक बुज़ुर्ग महिला समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।
रिहायशी इलाकों में भारी तबाही
आपातकालीन अधिकारियों ने बताया कि डार्नित्स्की की एक चार मंज़िला आवासीय इमारत की दो मंज़िलें पूरी तरह आग की चपेट में आ गईं। कीव के स्वियातोशिन्स्की ज़िले में एक नौ मंज़िला इमारत की कई मंज़िलें ध्वस्त हो गईं। ड्रोन के मलबे से एक 16 मंज़िला और दो नौ मंज़िला इमारतों में भी आग लग गई। सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों में अपार्टमेंट से उठता धुआं, ढही हुई मंज़िलें और क्षतिग्रस्त इमारतें देखी जा सकती हैं। तकाचेंको ने कहा कि रूस जानबूझकर नागरिकों को निशाना बना रहा है।
रूस पर नागरिकों को निशाना बनाने के आरोप
कीव के मेयर विटाली मालेत्स्की ने टेलीग्राम पर बताया कि क्रेमेनचुक शहर में दर्जनों धमाके हुए, जिससे कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सैन्य प्रशासन प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल के मुताबिक, क्रिवी रीह पर रूसी हमलों में परिवहन और शहरी ढांचे को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा में भी आवासीय इमारतें और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हुए और कई अपार्टमेंट में आग लग गई। मास्को की ओर से हमलों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि रूस और यूक्रेन दोनों ही नागरिकों को निशाना बनाने से इनकार करते रहे हैं। फरवरी 2022 से शुरू हुई इस जंग में अब तक हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं। पोलैंड ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी यूक्रेन पर हवाई हमलों का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए उसने अपनी और सहयोगी सेनाओं की हवाई सुरक्षा को अलर्ट पर रखा है।






