ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित बिमटेक कॉलेज के आरसीआई विद्या विहार हॉस्टल में मंगलवार सुबह गोली चलने से सनसनी फैल गई। घटना में पीजीडीएम प्रथम वर्ष के छात्र दीपक कुमार (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका रूममेट देवांश चौहान (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से रिटायर डिप्टी एसपी सुरेंद्र सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की है। सुरेंद्र सिंह 31 अगस्त को ही सेवा से रिटायर हुए थे। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद के बाद गोली चलने और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। सुरक्षा गार्ड सतवीर हॉस्टल में लाइट बंद करने आया था, तभी उसे एक कमरे से गोली चलने और कराहने की आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत वार्डन को सूचना दी। वार्डन जब मौके पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर बालकनी तक पहुंचकर खिड़की का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला। अंदर दोनों छात्र खून से लथपथ पड़े थे। दीपक की मौत हो चुकी थी और देवांश गंभीर रूप से घायल था।
पुलिस ने हॉस्टल को सील कर दिया है और मौके से रिवॉल्वर, चार कारतूस, दो खोखे, दोनों छात्रों के मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद हॉस्टल और कॉलेज प्रशासन मीडिया से बचता रहा, वहीं अन्य छात्र भी दहशत में दिखे और उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।
“प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद के बाद गोली मारने और आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि विवाद की असली वजह क्या थी। मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है।”- एडीसीपी सुधीर कुमार





